नीमच। महू-नसीराबाद हाईवे पर जीरन क्षेत्र के चंदू गांव के पास रविवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। मक्खन ढाबे के पास तेज रफ्तार इनोवा कार आगे चल रही ग्वाला बस में पीछे से जा घुसी।
हादसे में 7 वर्षीय मासूम आरव राठौर गंभीर रूप से घायल हो गया और टक्कर के बाद बेसुध हो गया। वहीं उसके पिता साजन राठौर और विनोद कल्याणी को भी चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्वाला बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे चल रही इनोवा का संतुलन बिगड़ गया और कार तेज रफ्तार में बस के पिछले हिस्से से जा टकराई।
बताया जा रहा है कि नयागांव निवासी राठौर परिवार मंदसौर में आयोजित भतीजे के सगाई समारोह से वापस लौट रहा था। परिवार के साथ करीब 5 से 6 वाहनों का काफिला भी चल रहा था।
टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर पीछे चल रही परिवार की अन्य गाड़ियों में सवार लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। राहगीरों की मदद से कार में फंसे तीनों घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें नीमच जिला अस्पताल रेफर कर दिया। 7 वर्षीय आरव राठौर की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और उसे PICU में भर्ती किया गया है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।