देवरी खवासा। सावन के चौथे सोमवार के अवसर पर देवरी खवासा में अमृतेश्वर महादेव मंदिर सत्संग भवन से भव्य कावड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। कावड़ यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई बस स्टैंड, देवनारायण चौक और इमली चौक पहुंची। इसके बाद कावड़ यात्री भोलेनाथ मंदिर पहुंचे, जहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की गई।
कावड़ यात्रा के दौरान गांव का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। यात्रा में महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। डीजे पर बज रहे भगवान भोलेनाथ के भजनों पर श्रद्धालु नाचते-झूमते हुए आगे बढ़े और पूरे उत्साह एवं आनंद के साथ कावड़ यात्रा निकाली गई।
यात्रा के दौरान हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गांव का वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कावड़ यात्रा के समापन पर भोलेनाथ मंदिर में भगवान शिव का अभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।