गरोठ। श्रावण माह के अंतिम सोमवार को ग्राम कोटड़ाबुजुर्ग में हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। कावड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
कावड़ यात्रा का शुभारंभ गांव के बाग वाले शिव मंदिर से हुआ। यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए करीब 11 किलोमीटर दूर पोलाडोंगर महादेव मंदिर पहुंची। पूरे यात्रा मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर कावड़ियों का भव्य स्वागत किया।
ढोल-डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए आगे बढ़े और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया। यात्रा में पुरुषों और महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हुए। नन्हे कावड़ियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
पोलाडोंगर महादेव मंदिर पहुंचने के बाद कावड़ियों ने मंत्रोच्चार के साथ भगवान महादेव का जलाभिषेक किया। इसके बाद महाआरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
यात्रा के दौरान कावड़ियों की सुविधा के लिए रास्ते में पानी के टैंकर और स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। वहीं वापसी के दौरान पाटीदार नेहरे पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने प्रसादी ग्रहण की।
पूरे आयोजन के दौरान गांव में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।