खरगोन। अंतिम श्रावण सोमवार पर खरगोन में शिवभक्ति के साथ सामाजिक सौहार्द की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। लगातार चौथे वर्ष पत्रकारों ने कंधों पर कांवड़ उठाकर पत्रकार एकता कांवड़ यात्रा निकाली। कलम के सिपाही खबरों की जिम्मेदारी के साथ कांवड़ की जिम्मेदारी निभाते नजर आए।
यात्रा की शुरुआत प्राचीन एवं ऐतिहासिक सिद्धनाथ महादेव मंदिर से हुई। यहां अभिषेक एवं पूजन के बाद पत्रकारों ने नर्मदा और गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा शुरू की। करीब 7 किलोमीटर की पैदल यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मेलडेरेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां नर्मदा और गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया गया।
यात्रा की खास बात यह रही कि इसमें मुस्लिम पत्रकारों ने भी सहभागिता की। वहीं मुस्लिम समाज के पत्रकारों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा में शामिल पत्रकारों का स्वागत और उत्साहवर्धन किया। इससे यात्रा ने धार्मिक आस्था के साथ एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।
शहर में यात्रा का सामाजिक, व्यापारिक और राजनीतिक संगठनों सहित विभिन्न समुदायों के लोगों ने जगह-जगह स्वागत किया। कहीं पुष्पवर्षा की गई तो कहीं सेवा और जलपान के स्टॉल लगाकर कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया गया।
पत्रकार एकता कांवड़ यात्रा का उद्देश्य केवल शिवभक्ति तक सीमित नहीं रहा। आयोजकों ने देश और समाज में सुख-समृद्धि, शांति, सामाजिक सद्भाव और अच्छी बारिश की कामना के साथ यात्रा निकाली।
खरगोन की यह पत्रकार एकता कांवड़ यात्रा श्रावण के अंतिम सोमवार पर भक्ति के साथ सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल बनकर सामने आई।