सेगांव। नगर के अधिष्ठाता भगवान श्री शिव टेकरी सरकार श्रावण मास के आखिरी सोमवार को अपनी प्रजा का हाल जानने लाव-लश्कर के साथ शाही ठाठ-बाट से नगर भ्रमण पर निकले। फूलों से सजी शाही पालकी और 5 क्श्र की भक्तिमय धुनों पर पूरा नगर ष्हर-हर महादेवष् के जयघोष के साथ झूम उठा।
शिवडोला समिति के तत्वाधान में आयोजित इस ऐतिहासिक शिवडोले का नगर में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के लिए 15 से अधिक सेवा-सत्कार स्टॉल लगाए गए थे।
हठीले हनुमान मंदिर में संत ने किया स्वागत
नगर भ्रमण के दौरान डोले का पहला पड़ाव हठीले श्री रंजीत हनुमान मंदिर रहा, जहां त्यागी संत श्री सीताराम बाबा ने विधि-विधान से शिव टेकरी सरकार का स्वागत किया।
देवी मंदिर में शिव-शक्ति मिलन, राम मंदिर में हरिहर मिलन
हनुमान मंदिर के पश्चात डोला देवी श्री लालबाई-फूलबाई माताजी मंदिर पहुंचा, जहां शिव और शक्ति के मिलन का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। इसके बाद डोला नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए श्री राम मंदिर पहुंचा, जहां भगवान शिव और श्री राम का हरिहर मिलन कराया गया। इस अलौकिक दृश्य ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद, ग्राम पंचायत ने चलाया सफाई अभियान
आयोजन को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। बिजली विभाग के कर्मचारी, पुलिस विभाग की महिला-पुरुष टीम, राजस्व विभाग से तहसीलदार अंतरसिंह कनेश, नायब तहसीलदार सरदार मंडलोई सहित पूरी टीम व्यवस्था में मुस्तैद रही। बायपास रोड पर पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई थी। वहीं ग्राम पंचायत द्वारा डोले के पीछे विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया।