चित्तौड़गढ़। आगामी निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल चितौड़गढ़ एवं चंदेरिया मंडल द्वारा सोमवार को भरत बाग में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में भाजपा की राजस्थान सरकार एवं केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने तथा नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड रिकॉर्ड बहुमत से बनाने का संकल्प लिया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी ने कहा कि भरत बाग में उमड़ा यह विशाल जनसमर्थन बता रहा है कि चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में रिकॉर्ड बहुमत के साथ भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि चुनाव में जिसे भी पार्टी प्रत्याशी बनाए, सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कमल के फूल को जिताने में जुट जाएं। सीपी जोशी ने कहा कि चित्तौड़गढ़ में सड़क, रेल, दुर्ग विकास, बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यटन सहित अनेक क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है। मोदी सरकार और राजस्थान की भाजपा सरकार के कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज, रेलवे दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण, सिक्स लेन, रिंग रोड, सीवरेज, पेयजल और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली है। चित्तौड़गढ़ दुर्ग के गौरवशाली इतिहास को सामने लाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चित्तौड़गढ़ को खेल, शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में और मजबूत बनाया जाएगा। चंबल का पानी लाने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है तथा सिंचाई के लिए माही का पानी लाने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब डबल इंजन की सरकार के कारण संभव हो रहा है। सीपी जोशी ने कार्यकर्ताओं से कहा पार्टी प्रत्याशी के साथ पूरी ताकत से खड़ा होना है एवं अपने-अपने वार्ड में पूरी एकजुटता के साथ जुटें और भाजपा का बोर्ड बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ें। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने चित्तौड़गढ़ में भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि किले पर विकास, सड़क, रेल, सीवरेज, पेयजल सहित अनेक परियोजनाओं पर काम हुआ है और रिवरफ्रंट, कपासन चौराहे से मानपुरा पुलिया सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू होने वाली हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का विजन विकास और सुशासन है, जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के आरोपों से जनता परिचित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कांग्रेस के कई कार्यकर्ता भी मान रहे हैं कि चित्तौड़गढ़ में भाजपा का बोर्ड बन रहा है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने वार्ड में पूरी मेहनत करते हुए भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने का लक्ष्य रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा की टीम मजबूत है और संगठन की ताकत के बल पर सभी वार्डों में मजबूती से चुनाव लड़ा जाएगा। आक्या ने कार्यकर्ताओं से मजबुती से चुनाव में जुटने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी ने कहा कि भाजपा की सरकारें अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर नरेंद्र मोदी तक एवं प्रदेश मे भैरू सिंह जी एवं वसुंधरा राजे से लेकर भजन लाल तक लगातार विकास करती आई हैं। चित्तौड़गढ़ में भी सांसद और विधायक के नेतृत्व में अनेक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य नगर परिषद में 50 से अधिक वार्डों में जीत दर्ज कर मजबूत बोर्ड बनाना है।
गाडरी ने कहा कि पार्टी जिसे भी टिकट देगी, प्रत्येक कार्यकर्ता को उसे स्वीकार कर पूरी निष्ठा से चुनाव लड़ाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हाथ उठाकर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में एकजुट रहने का संकल्प भी दिलाया।
सम्मेलन में निकाय चुनाव प्रभारी एवं मावली के पूर्व विधायक धर्मनारायण जोशी तथा जिला संगठन सह प्रभारी नरेंद्र जैन ने भी कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और संगठनात्मक एकजुटता के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। इस दौरान अनंत समदानी को निकाय चुनाव सह संयोजक मनोनीत किया गया। कांग्रेस के पूर्व नगर महामंत्री नरोत्तम हेड़ा एवं राजकुमार जैन ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। स्वागत उद्बोधन निकाय चुनाव संयोजक सुशील शर्मा ने दिया संचालन भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी ने किया आभार सह संयोजक अनंत समदानी ने व्यक्त किया।
सम्मेलन में भाजपा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, वार्ड संयोजक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रूद, डुंगरपुर जिला संगठन प्रभारी कमलेश पुरोहित, नगर मंडल प्रभारी गोपाल चौबे,जिला उपाध्यक्ष अशोक रायका, सुदर्शन रामपुरिया, जिला मंत्री गोवर्धन जाट, कोषाध्यक्ष हरीश इनानी,जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक, जिला आईटी संयोजक नंद किशोर लौहार, सह संयोजक आशिष शर्मा,चंदेरिया मंडल अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह, बस्सी मंडल अध्यक्ष भंवर सिंह, भदेसर मंडल अध्यक्ष हीरालाल रायका, सावा मंडल अध्यक्ष अनिल सुखवाल, पूर्व मंडल एवं न्यास अध्यक्ष सुरेश झंवर, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र पोखरना, करनल सिंह राठोड़, गोविद काबरा, रोहिताश जाट,पवन आचार्य, पूर्व पालिकाध्यक्ष महेश इनाणी, नीरू देवी अहीर,पूर्व प्रधान प्रवीण सिंह राठौड़, पूर्व प्रधान प्रतिनिधी सुरेश जैन, मंडल महामंत्री शैलेन्द्र झंवर, कैलाश अग्रवाल, चन्द्रशेखर सोनी, आशिष सिकलीगर, पूरण राणा,बाल किशन भोई, नगर उपाध्यक्ष शांतनु काबरा, राजन माली मंचासिन रहे।