खरगोन। बढ़ती महंगाई के विरोध में यूथ कांग्रेस ने मंगलवार को हल्ला बोल प्रदर्शन किया। बीजेपी का देखो खेल, खा गए शक्कर, पी गए तेल! का नारा बुलद करते हुए यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता दोपहर 3 बजे रैली के रुप में एसडीएम कार्यालय परिसर स्थित सांसद कार्यालय घेराव करने पहुंचे। पुलिस ने बेरिकेट्स लगाकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोषित कार्यकर्ता बेरिकेट्स को तोड़ते हुए आगे बढ़ गए।
आक्रोषित कार्यकर्ताओं ने सांसद कार्यालय में प्रवेश का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने सख्ती से रोका। पुलिस की सख्ती के चलते मौका पाकर कार्यकर्ताओं ने चुडिय़ां कार्यालय में फेंककर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद नारेबाजी करते हुए लौट गए। इस दौरान सरकार हमसे डरती है, पुलिस को आगे करती है, पुलिस हमसे डरती है डंडा आगे करती है, जैसे नारे लगाते हुए पुलिस के खिलाफ भी अपना आक्रोश दर्ज कराया।
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजत डंडीर ने बताया यह प्रदर्शन सरकार की नीतियों के प्रति आमजन के लिए चिंता, गुस्से और असंतोष का प्रतीक था। यदि सरकार ने आम जनता पर महंगाई के बढ़ते बोझ को कम करने के लिए तत्काल कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन केवल शुरूआत है और आने वाले दिनों में और बड़े आंदोलन किए जाएंगे।