नीमच/मंदसौर। जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर मंदसौर जिले के 125 युवाओं के साथ युवा नेता विनय जांगिड शर्मा के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा साइकिल यात्रा का नई दिल्ली में समापन हुआ। यात्रा 13 अगस्त को सुवासरा विधानसभा क्षेत्र के भरतपुरा से शुरू होकर 23 अगस्त को नई दिल्ली पहुंची। यहां लालकिले के पास राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया।
यात्रा के प्रभारी एवं सारथी विश्वकर्मा समाज कल्याण सेवा संगठन भारत, मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष शंभूप्रसाद शर्मा ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने तथा युवाओं के बीच विभिन्न सामाजिक संदेशों को पहुंचाना था। यात्रा के दौरान ईंधन बचाओ, पर्यावरण संरक्षण, नशे को ना, राष्ट्रभक्ति को हां, युवा फिट-भारत हिट, शहीदों का परिवार हमारा परिवार, एक पेड़ मां के नाम, स्वस्थ भारत-विकसित भारत तथा जाति से पहले राष्ट्र जैसे संदेश दिए गए।
1,000 किलोमीटर की यात्रा में युवाओं ने दिखाया जज्बा-
यात्रा में शामिल युवाओं ने गर्मी और बारिश की परवाह किए बिना करीब 1,000 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय की। यात्रा सुवासरा, सीतामऊ, मंदसौर, दलौदा, लदूना, नीमच, भीलवाड़ा, शाहपुरा, जयपुर, मानेसर और गुरुग्राम सहित विभिन्न स्थानों से होकर नई दिल्ली पहुंची।
यात्रा का विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने स्वागत किया। भरतपुरा में भाजपा नेता एवं पूर्व गृहमंत्री कैलाश चावला, पूर्व विधायक यशपाल सिसोदिया एवं सांसद सुधीर गुप्ता सहित अन्य लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। नीमच में भी विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों ने यात्रियों का स्वागत किया।
पहलगाम में भी दिया था एकता का संदेश-
शंभूप्रसाद शर्मा ने बताया कि विनय जांगिड शर्मा के नेतृत्व में पिछले वर्ष जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में भी युवाओं के साथ राष्ट्रीय तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया गया था। इस दौरान आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई थी।
नई दिल्ली पहुंचने पर यात्रा के संयोजक विनय जांगिड शर्मा ने लालकिले के पास राष्ट्रीय ध्वज फहराकर यात्रा का समापन किया। इस अवसर पर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए शहीदों एवं दिवंगत नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
यात्रा की जानकारी सारथी विश्वकर्मा समाज कल्याण सेवा संगठन नीमच के जिला अध्यक्ष भोप राज शर्मा एवं युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कुशल शर्मा ने दी।