पिपलियामंडी। मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पिपलियामंडी नगर में त्योहारों के दौरान निकलने वाली रैलियों एवं जुलूसों के कारण मुख्य बाजार में यातायात बाधित होने की समस्या लंबे समय से सामने आती रही है। व्यापारियों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय विधायक जगदीश देवड़ा की पहल पर करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से गुड़भेली बड़ी से बरखेड़ा पंथ तक बायपास मार्ग का निर्माण कराया गया था।
बायपास मार्ग का उद्देश्य बड़े एवं भारी वाहनों को नगर के मुख्य बाजार से बाहर रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना था। विशेषकर त्योहारों, रैलियों एवं जुलूसों के दौरान इस मार्ग के उपयोग से मुख्य बाजार में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद थी।
त्योहारों में भी मुख्य बाजार से गुजरते हैं वाहन-
अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि त्योहारों और जुलूसों के दौरान भी बायपास मार्ग का प्रभावी उपयोग नहीं किया जाएगा, तो आखिर इसका उपयोग कब किया जाएगा? त्योहारों के समय मुख्य बाजार में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में भारी वाहनों के प्रवेश से जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनने की आशंका बनी रहती है।
जिम्मेदारों को करना होगा सख्ती से पालन-
आमजन और व्यापारियों की सुविधा को देखते हुए प्रशासन एवं यातायात व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को इस दिशा में गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है। बड़े एवं भारी वाहन चालकों को निर्धारित बायपास मार्ग से आवागमन के लिए निर्देशित किया जाना चाहिए, ताकि मुख्य बाजार में अनावश्यक यातायात दबाव न बने।
करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किए गए बायपास मार्ग का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब जरूरत के समय उसका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। ऐसे में आगामी त्योहारों के दौरान प्रशासन द्वारा बायपास मार्ग के उपयोग को लेकर ठोस यातायात व्यवस्था लागू किए जाने की आवश्यकता है।