चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने मंगलवार को निंबाहेड़ा उपखंड क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विद्यालयों एवं छात्रावासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ाई, भोजन और आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इसके साथ ही नगर निकाय आम चुनाव-2026 के मद्देनजर नगर परिषद कम्युनिटी हॉल स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण कर सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विद्यालयों और छात्रावासों की व्यवस्थाएं जांचीं-
जिला कलक्टर ने लक्ष्मीपुरा, मंडा एवं गुलफसार सहित विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में साफ-सफाई, नवनिर्मित कक्षों तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद डॉ. मंजू ने डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय छात्रावास एवं सावित्रीबाई फुले राजकीय महाविद्यालय स्तरीय कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं छात्राओं से सीधे संवाद कर पढ़ाई, भोजन और आवासीय सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने छात्रावासों में अनुपयोगी एवं पुरानी सामग्री को नियमानुसार नीलाम करने, आवश्यक मरम्मत कार्य करवाने तथा लाइब्रेरी को विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही रसोईघर में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने छात्रावास परिसर में पौधारोपण भी किया।
मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा-
नगर निकाय आम चुनाव-2026 के मद्देनजर जिला कलक्टर ने नगर परिषद कम्युनिटी हॉल स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना में तैनात कार्मिकों की सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने उपखंड अधिकारी को निर्देश दिए कि नगर निकाय चुनाव से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं और मतगणना स्थल पर किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहे। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उपखंड अधिकारी विकास पंचोली, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।