नीमच। नीमच विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बामनिया में महाराणा प्रताप प्रतिमा अनावरण एवं वाटिका लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सरपंच गोपाल बाई बालमुकुंद पाटीदार ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों की ओर से अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। सरपंच प्रतिनिधि बालमुकुंद पाटीदार ने विधायक दिलीप सिंह परिहार को महाराणा प्रताप की स्मृति स्वरूप प्रतिमा भेंट की।
इसके बाद विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं अन्य अतिथियों ने फीता काटकर ‘महाराणा प्रताप वाटिका’ का लोकार्पण किया। इसके पश्चात महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रतिमा अनावरण के दौरान पूरा परिसर महाराणा प्रताप के जयघोष से गूंज उठा।
युवाओं को महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान-
इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि महाराणा प्रताप भारत के स्वाभिमान, साहस और पराक्रम के प्रतीक हैं। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश और समाजहित में कार्य करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने ग्राम पंचायत बामनिया द्वारा महाराणा प्रताप की स्मृति में वाटिका एवं प्रतिमा निर्माण की पहल की सराहना की।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उमराव सिंह गुर्जर, मोहन सिंह राणावत, सांसद प्रतिनिधि महेश गुर्जर, सरपंच संघ नीमच जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह शक्तावत, जनपद सदस्य प्रतिनिधि राजीव गरासिया एवं मंडल महामंत्री जगदीश परमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बामनिया सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बच्चे एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।