प्रतापगढ़। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने निजी अस्पताल के संचालन, सोनोग्राफी सुविधा और MAA आयुष्मान योजना के MOU पर हस्ताक्षर सहित मासिक बंदी के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) जीवराज मीणा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के संविदाकर्मी महेश पाटीदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ACB के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह के अनुसार, निजी चिकित्सालय के संचालक से विभिन्न कार्यों के लिए कुल 2 लाख 75 हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के बाद ACB की प्रतापगढ़ इकाई ने गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि होना बताया गया।
ACB के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया था कि निजी चिकित्सालय प्रतापगढ़ एवं धरियावद के अस्पतालों के संचालन, सोनोग्राफी सुविधा तथा MAA आयुष्मान योजना के MOU पर हस्ताक्षर के लिए रिश्वत की मांग की जा रही थी। इसके साथ ही मासिक बंदी के रूप में भी राशि मांगे जाने का आरोप लगाया गया।
3 जनवरी को मिली थी शिकायत
ACB को इस संबंध में 3 जनवरी 2026 को शिकायत प्राप्त हुई थी। इसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में ACB प्रतापगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह के नेतृत्व में शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया गया।
सत्यापन के दौरान जीवराज मीणा और महेश पाटीदार द्वारा परिवादी से अस्पताल संचालन, सोनोग्राफी सुविधा, MAA आयुष्मान योजना के MOU पर हस्ताक्षर तथा मासिक बंदी के एवज में रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि होना बताया गया।
आरोपी के सतर्क होने से ट्रैप नहीं हो सका-
ACB के मुताबिक, इसी दौरान पूर्व की घटनाओं से संबंधित समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित होने की जानकारी आरोपी को मिल गई, जिसके बाद वह सतर्क हो गया। आरोपी के सतर्क होने के कारण रिश्वत की राशि के लेन-देन की आगे की कार्रवाई नहीं हो सकी और ट्रैप की कार्रवाई भी नहीं की जा सकी। इसके चलते रिश्वत की राशि बरामद नहीं हो सकी।
ACB ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 में वर्ष 2018 में किए गए संशोधन के तहत संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। ACB की ओर से शिकायत, गोपनीय सत्यापन और दर्ज प्रकरण के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में की जा रही है।