इंदौर। कांग्रेस के प्रस्तावित छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर इंदौर में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री और नगरीय विकास मंत्री को पत्र लिखकर इंदौर के नेहरू स्टेडियम को कार्यक्रम के लिए तत्काल आवंटित करने की मांग की है। वहीं, भाजयुमो इंदौर अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने पटवारी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े पर पलटवार किया है।
जीतू पटवारी बोले- नियमों की आड़ में कार्यक्रम न रोकें
पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी देशभर में शिक्षा की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। छात्रों की गूंज कार्यक्रम किसी राजनीतिक दल का प्रचार नहीं, बल्कि देश के भविष्य, युवाओं के सपनों और शिक्षा के अधिकार को लेकर संवाद का कार्यक्रम है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के सपने तभी सुरक्षित रहेंगे, जब शिक्षा सुरक्षित होगी। सरकार को कार्यक्रम की गंभीरता और राष्ट्रीय महत्व को समझते हुए नियमों की आड़ में इसे रोकने के बजाय नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराना चाहिए।
भाजयुमो का पलटवार- नेहरू स्टेडियम मांग रहे, तैयारी दूसरी जगह
भाजयुमो इंदौर अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस को राहुल गांधी की यात्राओं की चिंता है, जबकि भाजपा को इसकी चिंता नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लोग राहुल गांधी की सभाओं में मनोरंजन के लिए आते हैं। मिश्रा ने कांग्रेस की ओर से नेहरू स्टेडियम मांगे जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस स्टेडियम की अनुमति मांग रही है, जबकि रीजनल पार्क में मुक्तिधाम के सामने की जमीन पर कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं।
कहा- इंदौर आ रहे हैं तो अहिल्या माता को नमन करें
मिश्रा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की ओर से मातृशक्ति को लेकर की गई टिप्पणी का भी जिक्र किया और कांग्रेस की भाषा व राजनीतिक रुख पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि पिछले 7 साल में जब भी राहुल गांधी या प्रियंका गांधी इंदौर आए, उन्होंने देवी अहिल्याबाई को नमन नहीं किया। मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि इस बार राहुल गांधी इंदौर आएं तो देवी अहिल्या माता को नमन कर लें, इससे उनका जीवन सफल हो जाएगा।