देवास। औद्योगिक थाना पुलिस ने चाकू की नोक पर 9 टन आटे से भरे कंटेनर की डकैती का कुछ ही घंटों में पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कंटेनर, उसमें भरा 9 टन आटा और वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू सहित करीब 50 लाख रुपए का मश्रुका बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत ने प्रेस वार्ता में बताया कि 5 सितंबर की रात अवंतिका फूड्स कंपनी से 9 टन आटा भरकर कंटेनर रवाना हुआ था। इसी दौरान बदमाशों ने ड्राइवर को चाकू दिखाकर नीचे फेंक दिया और कंटेनर लेकर फरार हो गए। ड्राइवर ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी गजेंद्र वर्धमान के मार्गदर्शन में सीएसपी सुमित अग्रवाल निर्देशन में थाना प्रभारी अमित सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। कंटेनर में लगा GPS पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ। GPS लोकेशन के साथ CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने बदमाशों का पीछा करते हुए देवास से इंदौर तक उनकी लोकेशन ट्रेस की।
इंदौर में सेज यूनिवर्सिटी के पास पुलिस की नाकाबंदी देखकर बदमाश कंटेनर को सर्विस रोड पर ले गए। इसी दौरान कंटेनर ट्रांसफार्मर से टकरा गया। पुलिस ने मौके इंदौर पुलिस की मदद से घेराबंदी कर सूरज बैरागी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने सूरज बैरागी के चार अन्य साथियों सुनील चौहान, शुभम राजौरिया, आकाश बैरागी और भावेश पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू भी बरामद किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई में कंटेनर, 9 टन आटा और वारदात में प्रयुक्त चाकू सहित करीब 50 लाख रुपए का मश्रुका बरामद किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और GPS, CCTV व मुखबिर तंत्र के समन्वय से डकैती का कुछ ही घंटों में खुलासा हो गया।