खजुराहो। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत छतरपुर जिले के खजुराहो स्थित टूरिस्ट विलेज में निराकरण शिविर आयोजित किया गया। स्थानीय विधायक अरविंद पटेरिया, जिला कलेक्टर मृणाल मीणा और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में आयोजित शिविर में पिछले दो दिनों में करीब 7 हजार अलग-अलग आवेदनों का निराकरण किया गया। अभियान जनवरी माह तक लगातार संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक अरविंद पटेरिया ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले योजनाएं संचालित तो होती थीं, लेकिन कई बार कागजों तक सीमित रह जाती थीं और हितग्राही परेशान होते थे। उन्होंने कहा कि अब योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई जा रही है।
शिविर में खजुराहो नगरीय क्षेत्र के आवास योजना के लाभार्थियों को एक क्लिक के माध्यम से एक लाख रुपये की किस्त सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।
वहीं, जिला कलेक्टर मृणाल मीणा ने खजुराहो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव की कम संख्या पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जब स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाएं उपलब्ध हैं, तो प्रसव के लिए बड़ी संख्या में महिलाओं को राजनगर क्यों जाना पड़ रहा है, इसकी समीक्षा की जाए। उन्होंने अस्पताल में प्रसव की संख्या बढ़ाने और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।