नीमच। श्री एसआर ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, नीमच में आयोजित 10 दिवसीय गणेश उत्सव का भव्य एवं भावपूर्ण समापन भगवान श्री गणेश की विसर्जन यात्रा के साथ हुआ। पूरे उत्सव के दौरान कॉलेज परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। डीजे एवं बैंड की भक्तिमय धुनों, ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी, गुलाल और पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा को विदाई दी। इस दौरान प्रसादी का भी आयोजन किया गया।
विसर्जन यात्रा में संस्था की चेयरमैन संजुदेवी तिवारी, मैनेजिंग डायरेक्टर धर्मेश तिवारी, एडमिन मोहनलाल शर्मा, प्राचार्य चेतना त्रिपाठी सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। सभी ने श्रद्धा और उत्साह के साथ बप्पा को विदाई दी।
विदाई के भावुक क्षणों में कॉलेज परिवार ने नम आंखों से गणपति बप्पा को विदा किया और अगले वर्ष पुनः पधारने की कामना की। इस दौरान “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।
कॉलेज परिवार ने गणेश उत्सव को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी विद्यार्थियों, स्टाफ सदस्यों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।