नीमच। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मेरा युवा भारत, नीमच द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, विचारों और राष्ट्रसेवा से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम के तहत सरदार पटेल इंस्टीट्यूट में भाषण एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए तथा क्विज प्रतियोगिता में भी भाग लिया।
इसके बाद युवाओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय वाटिका पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान देशभक्ति के नारों के साथ जयंती मनाई गई और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मेरा युवा भारत, नीमच की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम में युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। इस अवसर पर राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका और जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।