उज्जैन। सीईओ जिला पंचायत श्रेयांस कूमट की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में बैंकर्स एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ जिला स्तरीय सलाहकार समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वार्षिक साख योजना 2026-27 के लक्ष्य एवं उपलब्धियों सहित विभिन्न बैंकिंग एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जून 2026 की स्थिति के अनुसार साख-जमा अनुपात, वित्तीय समावेशन के तहत अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं जनधन योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, एनयूएलएम, एनआरएलएम, पीएमईजीपी, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
इसके अलावा पीएमएफएमई, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड, अंत्यावसायी विभाग की विभिन्न योजनाओं, आदिम जाति कल्याण विभाग की स्वरोजगार योजनाओं, आरसेटी प्रशिक्षण, बीमा योजनाओं तथा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की स्थिति पर चर्चा की गई।
बैंकवार एनपीए की समीक्षा-
बैठक में बैंकवार नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (एनपीए) की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने तथा शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए।
सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि आगामी समय में प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक उद्योग स्थापित करने की दिशा में कार्ययोजना तैयार की जा रही है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के साथ समन्वय कर बैंकों को इस कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के निरस्त प्रकरणों में निरस्तीकरण का ठोस कारण अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
केसीसी और पीएमएफएमई के प्रकरणों में तेजी के निर्देश-
मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, पीएम स्वनिधि योजना 2.0, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग के किसान क्रेडिट कार्ड से संबंधित प्रकरणों का निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शीघ्र निराकरण एवं वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया। पीएमएफएमई योजना के लंबित प्रकरणों का नवंबर तक शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अधिक से अधिक प्रकरण स्वीकृत करने तथा उनकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एलडीएम, सभी बैंकों के डीसी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
‘संकल्प 2025-26’ बुकलेट का विमोचन-
बैठक के बाद आरसेटी के स्टार ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा प्रकाशित ‘संकल्प 2025-26’ बुकलेट का विमोचन किया गया।