मंदसौर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार, 26 सितंबर से जिले में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम की शुरुआत होगी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया की उपस्थिति में किया जाएगा। कार्यक्रम 5 अक्टूबर तक चलेगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, अंकिता पांडया ने बताया कि आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत जिले में तीन चरणों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
तीन चरणों में होंगे आयोजन-
प्रथम चरण में 26 से 28 सितंबर तक मंदसौर शहर तथा मंदसौर ग्रामीण परियोजना क्रमांक 1 एवं 2 में महिलाओं और बच्चों से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही सफलता की कहानियों की प्रस्तुति भी होगी।
द्वितीय चरण में 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक मल्हारगढ़ तथा सीतामऊ परियोजना क्रमांक 1 एवं 2 में कार्यक्रम होंगे। वहीं तृतीय चरण में 2 से 5 अक्टूबर तक भानपुरा तथा गरोठ परियोजना क्रमांक 1 एवं 2 में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
स्वास्थ्य जांच के साथ खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम-
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, खेल गतिविधियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के साथ पोषण को लेकर चर्चा होगी तथा विभिन्न सफलता की कहानियां प्रस्तुत की जाएंगी।
26 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया जाएगा। वहीं 27 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का आंगनबाड़ी केंद्रों पर लाइव प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्यों को भी प्रस्तुत किया जाएगा।