मंदसौर। 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” थीम के तहत जिला प्रशासन एवं जिला आयुष विभाग द्वारा वार्ड क्रमांक 24 एवं 25 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र, जामा मस्जिद के पास विशाल निःशुल्क आयुर्वेद सर्व रोग चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन कलेक्टर दिव्यांक सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. बिंदु ध्रुव के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला आयुष अधिकारी डॉ. बिंदु ध्रुव, अतिथियों एवं स्थानीय पार्षद द्वारा भगवान धन्वंतरि के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान नागरिकों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की जानकारी दी गई।
शिविर में जिला आयुर्वेद चिकित्सालय के चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों के लिए निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं औषधियों का वितरण किया। मौसमी बीमारियों, डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, त्वचा रोग, पेट संबंधी समस्याओं, पैरालिसिस सहित महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में जांच, उपचार एवं परामर्श दिया गया।
204 लोगों ने लिया लाभ-
शिविर में डॉ. कैलाशचंद्र मालवीय, डॉ. कमलेश धनोतिया, डॉ. शिल्पा मंडवारिया एवं डॉ. मोनिका यादव ने सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने मरीजों को उपचार एवं औषधियों के साथ आयुर्वेदिक जीवनशैली, संतुलित आहार-विहार, योगासन और स्वस्थ दैनिक दिनचर्या के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया।
शिविर में महिलाओं, पुरुषों, बालकों एवं बालिकाओं सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने सहभागिता की। कुल 204 लाभार्थियों ने निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
आयुष विभाग के अनुसार, शिविर का उद्देश्य आमजन तक आयुर्वेद चिकित्सा एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाना तथा लोगों को सहज और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।