रायसेन। शासकीय सांदीपनि विद्यालय पाटनदेव में शुक्रवार को विकासखंड स्तरीय बालरंग 2026 प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें सांची विकासखंड के 18 स्कूलों के करीब 200 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल होकर अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में स्कूल स्तर पर चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें चयनित विद्यार्थी अब 30 सितंबर को होने वाले जिला स्तरीय बालरंग कार्यक्रम में विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने लोक नृत्य, लोक संगीत, शास्त्रीय संगीत, निबंध लेखन, भाषण, गायन, वेद पाठ, संस्कृत नाटिका सहित विभिन्न विधाओं में प्रस्तुतियां दीं। लोक नृत्य और गीतों की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी निर्मला नंदन तिवारी भी शामिल हुईं। उन्होंने विद्यार्थियों को बालरंग प्रतियोगिता के उद्देश्य और विभिन्न विधाओं के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देती हैं।
प्रतियोगिता के दौरान ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र यादव, सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य एलएन प्रधान और प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी सूर्य प्रकाश सक्सेना ने अलग-अलग कक्षों में आयोजित प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया।
साहित्यिक, सांस्कृतिक, संस्कृत, उर्दू, दिव्यांग और योग सहित विभिन्न वर्गों की प्रतियोगिताएं निर्धारित कक्षों में कराई गईं। प्रतियोगिता का समय दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक रहा।