खरगोन। जिला मुख्यालय सहित समस्त विकासखंडों में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्रों (एनआरसी) में पदस्थ सपोर्ट स्टॉफ (आउटसोर्स) कर्मियों को बीते तीन माह से मानदेय नही मिला है। मानदेय के अभाव में आर्थिक तंगी से जुझ रहे कर्मचारियों ने बुधवार को ठेका कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सीएमएचओ कार्यालय पहुंचे कर्मचारियों ने शिकायती मांगपत्र सौंपते हुए रुका वेतन जारी करने के साथ ही वेतन में किए जा रहे कटौत्रे एवं इपीएफ का हिसाब देने की मांग की।
सपोर्ट स्टॉफ सबीना खान, राधा परमार, संगीता मंडलोई, मनीषा चौधरी लाडकी मुजाल्दे, सुनीता ठाकुर आदि ने बताया मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मप्र भोपाल के 13 अगस्त 2019 के पत्र के अनुसार, सपोर्ट स्टाफ कर्मियों को अर्द्धकुशल श्रेणी के अनुरूप निर्धारित मानदेय और समय-समय पर होने वाली वृद्धि का लाभ मिलना चाहिए, किंतु यह लाभ भी नहीं दिया जा रहा है। कर्मियों ने शिकायत की है कि जब भी वे अपनी समस्याओं को उठाते हैं, तो उन्हें नौकरी से हटाने या सेवा समाप्त करने की धमकी दी जाती है, जिससे उनमें भय और असुरक्षा की भावना है। कर्मियों ने कलेक्टर और सीएमएचओ से मांग की है कि मामले में हस्तक्षेप कर लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान किया जाए।