खरगोन। कांग्रेस ने मतदाता सूची में हेरफेर का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बुधवार को हल्ला बोल प्रदर्शनप किया। लोकतंत्र बचाओ मार्च निकालते हुए कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के साथ ही केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए वोट चोरी से सत्ता हासिल करने का गंभीर आरोप लगाया। दोपहर में निकाली गई रैली में वोट चोर गद्दी छोड़ का नारा बुलंद किया। रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओ को ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनाकर हाथ में हथकड़ी बांधकर आरोपी के रुप में दर्शाया गया।
रैली के रुप में कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक रवि जोशी के नेतृत्व में डिप्टी कलेक्टर वीरेंद्र कटारे को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि लोकतंत्र में चुनाव महत्वपूर्ण होता है। यह आम नागरिक का मौलिक अधिकार है। मुख्य चुनाव आयुक्त रहते हुए ज्ञानेश कुमार ने इन दोनों ही परंपराओं का ना सिर्फ उल्लंघन किया बल्कि वोट चोरी और एसआईआर के माध्यम से लाखों योग्य मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए। तीन चुनाव आयुक्तों की बॉडी में दो चुनाव आयुक्तों की सहमति के बगैर मनमाने तरीके से निर्णय लिए गए, जो गंभीर अपराध है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर हेरफेर और अनियमितताएं की गई है। उन्होंने निर्वाचन आयुक्त के कदम को लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए चुनावी डाटा में संभावित छेड़छाड़ की आशंका भी जताई।