उज्जैन। महाकाल मंदिर से महाकाल चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई अब शुरू हो गई है। करीब 200 मीटर लंबे इस मार्ग को 24 मीटर चौड़ा किया जाना है। मौजूदा सड़क की चौड़ाई करीब 12 मीटर है।
सड़क चौड़ीकरण के लिए इस हिस्से में करीब 39 भवन और अन्य स्ट्रक्चर चिन्हित किए गए हैं। संबंधित भवन स्वामियों को पहले ही सूचना पत्र दिए गए थे। कुछ मामलों में हाईकोर्ट के स्थगन आदेश के कारण कार्रवाई रुकी हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, स्थगन आदेश समाप्त होने के बाद अब कार्रवाई दोबारा शुरू की गई है।
स्मार्ट सिटी की ओर से सड़क की मार्किंग पहले ही पूरी कर ली गई थी। अब संबंधित लोग अपनी सहमति से अपने सामान और आजीविका से जुड़ी सामग्री को दूसरी जगह शिफ्ट कर रहे हैं। इसके बाद चिन्हित हिस्सों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
अपर आयुक्त संतोष टैगोर ने बताया कि सड़क की चौड़ाई निर्धारित मार्किंग और सेंट्रल लाइन के अनुसार की जाएगी। प्रशासन की ओर से लोगों से संवाद कर सहयोग लिया जा रहा है।
महाकाल मंदिर का यह मार्ग सिंहस्थ के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। सड़क चौड़ीकरण के बाद मंदिर से महाकाल चौराहे तक यातायात व्यवस्था और मार्ग का स्वरूप बदलता नजर आएगा।