इंदौर। बाइक टैक्सी के संचालन के खिलाफ इंदौर ऑटो रिक्शा चालक महासंघ और कार टैक्सी चालक आज प्रदर्शन करेंगे। महासंघ के अनुसार, 1 अक्टूबर को शाम 4ः30 बजे पलासिया स्थित पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद पुलिस कमिश्नर समेत अन्य अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
महासंघ के पदाधिकारियों का कहना है कि बाइक टैक्सी के संचालन, चालकों के पुलिस वेरिफिकेशन, निजी वाहनों के कमर्शियल इस्तेमाल और यात्री सुरक्षा को लेकर लंबे समय से सवाल उठाए जा रहे हैं। संगठन का दावा है कि शहर में 20 हजार से ज्यादा बाइक टैक्सी चालक बिना पुलिस वेरिफिकेशन के संचालन कर रहे हैं।
महासंघ ने यह भी आरोप लगाया है कि दूसरे शहरों और राज्यों की बाइक इंदौर में बाइक टैक्सी के रूप में चल रही हैं। हादसे की स्थिति में यात्री को मिलने वाले एक्सीडेंट बीमा और बाइक टैक्सी संचालन के लिए परिवहन विभाग की अनुमति को लेकर भी संगठन ने सवाल उठाए हैं।
महासंघ के मुताबिक, बाइक टैक्सी के खिलाफ वर्ष 2019 से कई बार आंदोलन किए जा चुके हैं। संगठन का दावा है कि वर्ष 2024 में हाईकोर्ट ने भी संबंधित विभागों को इस मामले में निर्देश दिए थे। अब एक बार फिर चालक अपनी मांगों को लेकर पुलिस मुख्यालय पहुंचेंगे और कार्रवाई की मांग करेंगे।