नीमच। स्थानीय भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी परिसर में अंतरराष्ट्रीय वृद्ध नागरिक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, उनके अधिकारों तथा समाज में उनकी सक्रिय सहभागिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, नीमच के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया तथा उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक अधिकारों को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन का अनुभव और मार्गदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।