बालाघाट। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को बालाघाट के प्रभावित आदिवासी क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने जागला गांव में मृत बैगा आदिवासी बच्चों के परिवारों से मुलाकात की और उनकी स्थिति जानी। राहुल गांधी का यह दौरा बच्चों की मौतों को लेकर चल रही जांच और राजनीतिक विवाद के बीच हुआ है।
राहुल गांधी ने राज्य सरकार पर स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए और कहा कि बच्चों की बीमारी से निपटने में सरकार नाकाम रही है। उन्होंने इस मुद्दे को लोकसभा में उठाने की बात कही। उन्होंने आदिवासी महिलाओं को लाड़ली बहना योजना का लाभ नहीं मिलने का भी आरोप लगाया।
राहुल गांधी के पहुंचने पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जुटे। इससे पहले उन्होंने रास्ते में एक सरकारी स्कूल पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की और मिड-डे मील सहित पढ़ाई से जुड़ी जानकारी ली।
बालाघाट के बैहर-बिरसा क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों में 30 से अधिक आदिवासी बच्चों की मौत की रिपोर्ट सामने आई है। हालांकि मौतों की संख्या और कारणों को लेकर अलग-अलग दावे हैं। जांच में मलेरिया, खसरा, कुपोषण, एनीमिया, संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी स्थितियां सामने आने की बात कही गई है; किसी एक बीमारी को सभी मौतों का एकमात्र कारण नहीं माना गया है।
इस मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी जारी हैं। वहीं प्रशासनिक और स्वास्थ्य एजेंसियों की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में जांच, उपचार, निगरानी और टीकाकरण जैसी गतिविधियां चलाए जाने की जानकारी सामने आई है।