शाजापुर। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर गुरुवार को शाजापुर जिला अस्पताल परिसर और ट्रॉमा सेंटर में शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ। इसमें जिला अस्पताल के डॉक्टर, अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। स्वास्थ्यकर्मियों ने जरूरतमंदों की मदद के लिए स्वैच्छिक रक्तदान करने और लोगों को इसके लिए जागरूक करने की शपथ ली।
रक्तदान के लिए लोगों को करेंगे प्रेरित
जिला अस्पताल के डॉक्टर एसडी जायसवाल ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी जिला अस्पताल सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वैच्छिक रक्तदान दिवस मनाया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने स्वयं रक्तदान करने के साथ आम लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगेंगे रक्तदान शिविर
डॉ. जायसवाल ने बताया कि अक्टूबर में जिला चिकित्सालय में विशेष रक्तदान कैंप आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा बेरछा, सुंदरसी, कालापीपल सहित जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भी रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के जरिए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
ब्लड बैंक में 280 यूनिट रक्त उपलब्ध
डॉ. जायसवाल के अनुसार जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में फिलहाल 280 यूनिट रक्त उपलब्ध है। अस्पताल प्रशासन का प्रयास है कि जिले में जरूरत के समय रक्त की कमी न हो और मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।