नीमच। नीमच-महू-नसीराबाद हाईवे पर नयागांव टोल प्लाजा के समीप एसआर पेट्रोल पंप के पास कोयले से भरे दो ट्रालों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रालों में आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हाईवे पर हुए इस हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। आग लगने के कारणों और दुर्घटना से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।