नीमच। महाराजाधिराज श्री अग्रसेन जी महाराज की 5150वीं जयंती के अवसर पर अग्रवाल समाज द्वारा जयंती महोत्सव उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ध्वजारोहण, महाआरती, भव्य शोभायात्रा और सामूहिक सहभोज सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे आयोजन के दौरान समाजजनों में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।
जयंती के उपलक्ष्य में निकाली गई भव्य शोभायात्रा में राजस्थानी ऊंट-घोड़े, नासिक ढोल, डीजे और महाराजा अग्रसेन जी की आकर्षक झांकी मुख्य आकर्षण रहे। समाजजन पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक शामिल हुए। शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह इत्र छिड़ककर और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
शोभायात्रा बारादरी से प्रारंभ होकर अग्रसेन वाटिका पहुंची, जहां महाराजा अग्रसेन जी की महाआरती की गई। इसके बाद शाम को सामूहिक सहभोज का आयोजन हुआ, जिसमें समाजजनों ने सहभागिता की।
महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों ने सामाजिक एकता, परंपरा और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।