देवास। नगर निगम देवास द्वारा आयोजित ऐतिहासिक 90वीं दशहरा कृषि, कला एवं औद्योगिक प्रदर्शनी मीना बाजार का स्थानीय पुलिस लाइन के पास भव्य शुभारंभ हुआ। महापौर श्रीमती गीता दुर्गेश अग्रवाल, विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, निगम आयुक्त दलीप कुमार सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
मीना बाजार में नगर निगम की उपलब्धियों के साथ कृषि यंत्रों, औद्योगिक उत्पादों, हस्तकला, परिधान, खाद्य सामग्री और विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए हैं। बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए आकर्षक झूलों की व्यवस्था भी की गई है।
महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने शहरवासियों से मेले में पहुंचकर खरीदारी करने और मनोरंजन का आनंद लेने की अपील की। वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने ऐतिहासिक प्रदर्शनी के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। निगम आयुक्त दलीप कुमार ने बताया कि नगर निगम द्वारा मेले के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
देवास की ऐतिहासिक दशहरा प्रदर्शनी अपनी परंपरा के 90वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। कृषि, कला, उद्योग, खानपान और मनोरंजन के आकर्षणों से सजा मीना बाजार शहरवासियों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है।
शुभारंभ के बाद महापौर, निगम आयुक्त सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर खरीदारी की और झूलों का आनंद लेकर मेले में आए लोगों को भी उत्साहित किया।