चित्तौड़गढ़। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता के लिए हिन्द जिंक स्कूल, जिंक नगर, चित्तौड़गढ़ को प्रतिष्ठित स्टार एजुकेशन अवॉर्ड्स 2026 से सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. बिंदु नायर को यह सम्मान ‘बेस्ट स्कूल - सीबीएसई बोर्ड, चित्तौड़गढ़’ श्रेणी में प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार समारोह मुंबई के गोरेगांव ईस्ट स्थित बॉम्बे एग्जिबिशन सेंटर के नेस्को हॉल नंबर-5 में आयोजित हुआ। इस आयोजन में ईएसएफई के सहयोग से द टाइम्स ऑफ इंडिया की सहभागिता रही।
हिन्द जिंक स्कूल लंबे समय से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है। विद्यालय उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणामों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों के लिए जाना जाता है। यहां विद्यार्थियों में शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुणों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
विद्यालय को पूर्व में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए विभिन्न प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता भी उल्लेखनीय है। हिन्द जिंक स्कूल को आईजीबीसी ग्रीन स्कूल प्लैटिनम प्रमाणपत्र प्राप्त है, जो पर्यावरण-अनुकूल शैक्षणिक वातावरण और सतत विकास के प्रति विद्यालय के प्रयासों को दर्शाता है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष आलोक रंजन, विद्यालय सचिव अमित सुराणा एवं अन्य पदाधिकारियों ने प्राचार्या डॉ. बिंदु नायर सहित विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए इस उपलब्धि की सराहना की। यह सम्मान विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों, शिक्षकों की निष्ठा और विद्यार्थियों की उपलब्धियों का प्रतीक है।