नरसिंहपुर। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान किसानों ने बुधवार को गाडरवारा में सांकेतिक चक्काजाम कर विरोध जताया। इसके बाद राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने विद्युत विभाग के डिविजनल इंजीनियर को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बिजली आपूर्ति में सुधार करने और समस्याओं का जल्द निराकरण करने की मांग की।
सात दिन से रात में हो रही बिजली कटौती
ज्ञापन में बताया गया कि पिछले सात दिनों से गाडरवारा सहित जिले के ग्रामीण और कृषि क्षेत्रों में लोड रिलीफ के नाम पर रात के महत्वपूर्ण समय में बिजली काटी जा रही है। इससे ग्रामीणों, बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी हो रही है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
खेती-किसानी के काम हो रहे प्रभावित
किसानों का कहना है कि बिजली कटौती के कारण खेती से जुड़े काम समय पर नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने विभाग से समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि अघोषित बिजली कटौती बंद नहीं हुई तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
जर्जर लाइनें और खंभे सुधारने की मांग
ज्ञापन में ग्रामीण और कृषि क्षेत्रों की जर्जर बिजली लाइनों तथा खंभों की मरम्मत कराने की मांग भी की गई। किसानों ने कहा कि निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पुराने और खराब उपकरणों को दुरुस्त करना जरूरी है। राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ ने विभाग से बिजली कटौती पर रोक लगाने और ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था सुधारने की मांग की।