नीमच। उद्यानिकी विभाग की फल क्षेत्र विस्तार योजना किसानों को पारंपरिक खेती के साथ बागवानी अपनाकर आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध करा रही है। योजना का लाभ लेकर जावद विकासखंड के ग्राम सरवानिया महाराज निवासी किसान जगदीश राठौर ने 2 हेक्टेयर भूमि पर अमरूद का बगीचा विकसित किया। इसके परिणामस्वरूप उनकी वार्षिक आय लगभग 2 लाख रुपये से बढ़कर करीब 5 लाख रुपये हो गई है। आय में वृद्धि से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है।
किसान जगदीश राठौर ने बताया कि उन्हें उद्यानिकी विभाग के माध्यम से फल क्षेत्र विस्तार योजना की जानकारी मिली थी। योजना के तहत उन्हें 1 लाख 20 हजार रुपये की अनुदान सहायता प्राप्त हुई। इस सहायता से उन्होंने अपनी 2 हेक्टेयर भूमि पर अमरूद का बगीचा लगाया और बागवानी के जरिए आय बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाया।
वार्षिक आय में करीब 3 लाख रुपये की वृद्धि-
जगदीश राठौर के अनुसार, पहले खेती से उनकी वार्षिक आय लगभग 2 लाख रुपये थी, जो अब बढ़कर करीब 5 लाख रुपये हो गई है। इस तरह उनकी आय में लगभग 3 लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई है। आर्थिक स्थिति बेहतर होने से अब वे परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ बच्चों की शिक्षा और अन्य जरूरी खर्चों का भी बेहतर ढंग से प्रबंधन कर पा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पहले उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन उद्यानिकी विभाग की योजना से मिली सहायता ने खेती को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने में मदद की। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
उद्यानिकी योजनाओं से किसानों को मिल रहा प्रोत्साहन-
किसान जगदीश राठौर ने उद्यानिकी विभाग से मिली जानकारी और सहायता को उपयोगी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उद्यानिकी योजनाओं का लाभ लेकर किसान बागवानी को अपनाने के साथ अपनी आय बढ़ा सकते हैं और परिवार का भविष्य बेहतर बना सकते हैं।