मनासा। विजयादशमी के पावन पर्व पर सनातन सत्संग मंडल द्वारा नगर के रामानुज कोट मंदिर में 109वां सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित किया गया। इसमें सैकड़ों सनातनी बंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भगवान वेंकटेश और बालाजी महाराज की पूजा-अर्चना के साथ सत्संग का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में गोपाल राठौर ने चारभुजा नाथ के भजन के माध्यम से प्रभु के दरबार में अर्जी लगाई। अरुण झंवर ने अपनी सुमधुर आवाज में हनुमानजी और भगवान वेंकटेश की महिमा का गुणगान करते हुए भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
कमल विजयवर्गीय ने हनुमानजी की भक्ति से ओतप्रोत भजन प्रस्तुत किया, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे। राजकुमार मारू ने हरि नाम की महिमा का गुणगान किया। वहीं, अर्पित शर्मा ने वीर हनुमानजी की स्तुति में भजन सुनाया। ओम सोनी ने भगवान श्रीराम की सवारी और हनुमानजी की महिमा से जुड़े भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
इसके पश्चात राजकुमार मारू के साथ उपस्थित श्रद्धालुओं ने एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। सामूहिक पाठ और भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के अंत में जानकारी दी गई कि सनातन सत्संग मंडल का 110वां सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ भाटखेड़ी नाका पर आयोजित किया जाएगा।