नीमच। गो सम्मान आव्हान अभियान के तीसरे चरण के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कल रात 8 बजे नीमच के गायत्री मंदिर में आवश्यक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में परम पूज्य प्रकाश नारायण गिरी महाराज (नंद बाबा) का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। साथ ही तीसरे चरण के कार्यक्रम की रूपरेखा और अभियान को सफल बनाने के लिए किए जाने वाले प्रयासों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
अभियान का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग को आगे बढ़ाना है। आयोजकों के अनुसार, पिछले दो चरणों में शहरवासियों का भरपूर समर्थन मिला है। अब अभियान के अंतिम चरण के तहत 4 दिसंबर 2026 को भोपाल में विशाल जनसभा प्रस्तावित है। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम मांग-पत्र सौंपा जाएगा।
बैठक में इस कार्यक्रम में नीमच जिले की सहभागिता सुनिश्चित करने और अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
अंकित जोशी ने शहर के सभी गो-प्रेमियों, सनातन धर्म के समाज अध्यक्षों तथा सनातनी भाई-बहनों से बैठक में उपस्थित होने की अपील की है।