चित्तौड़गढ़। भक्ति, संस्कृति और मेवाड़ की गौरवशाली विरासत को समर्पित तीन दिवसीय मीरा महोत्सव का आयोजन 23 से 25 अक्टूबर तक होगा। शहर के महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्रीनाथ गार्डन में आयोजित महोत्सव के दौरान गुजराती गरबा, मेवाड़ी घूमर, कथक, रासलीला और भक्ति संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। वहीं, दुर्ग स्थित ऐतिहासिक मीरा मंदिर में भक्ति रसोत्सव विशेष आकर्षण रहेगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर मीरा स्मृति संस्थान की ओर से बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
पहले दिन गरबा, घूमर और बरसाना की होली का संगम-
23 अक्टूबर को ‘लोकरंग चित्तौड़गढ़’ के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। जय अम्बे नवयुवक मंडल (गुजराती मोची समाज, चित्तौड़गढ़) द्वारा गुजराती गरबा, नटराज कला केंद्र की ओर से कथक तथा मेवाड़ महोत्सव समिति द्वारा गरबा-डांडिया रास प्रस्तुत किया जाएगा। उड़ान डांस अकादमी का घूमर नृत्य और आदि शक्ति ग्रुप की गरबा-डांडिया प्रस्तुति भी दर्शकों को आकर्षित करेगी। विक्की सैनी, रतन सालवी एवं ग्रुप द्वारा बरसाना थीम पर मेवाड़ी गरबा प्रस्तुत किया जाएगा।
‘मेवाड़ विरासत’ कार्यक्रम के तहत मेवाड़ सखी मंडल की प्रस्तुति, डी स्पेस की दिव्य रासलीला और ऋतु डांस अकादमी द्वारा राधा-कृष्ण की फूलों की होली पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।
दूसरे दिन गणेश वंदना और भक्ति संगीत की धूम-
24 अक्टूबर को कैलाश गंधर्व एवं उनके सहयोगियों द्वारा गणेश वंदना और भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही रविंद्रनाथ टैगोर ग्रुप ऑफ कॉलेज की नृत्य प्रस्तुति होगी। मेवाड़ विश्वविद्यालय और चंद्रकला अकादमी ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स, नई दिल्ली के कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
मीरा मंदिर में भक्ति रसोत्सव, भावनृत्य से साकार होगी कृष्ण भक्ति-
महोत्सव के अंतिम दिन 25 अक्टूबर को सुबह 8रू15 बजे दुर्ग स्थित ऐतिहासिक मीरा मंदिर में भक्ति रसोत्सव आयोजित होगा। इसमें कैलाश गंधर्व और दिल्ली की विधि शर्मा मीराबाई के भजनों की प्रस्तुति देंगे। मेवाड़ विश्वविद्यालय के कलाकारों के साथ नई दिल्ली के कथक कलागुरु सदानंद विश्वास तथा बेंगलुरु के नाट्यश्री दिव्य भूषण एवं साथी कलाकार मीरा भावनृत्य प्रस्तुत करेंगे।
इसी दिन रात 8 बजे उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज; पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर और उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला के कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। इन कार्यक्रमों के साथ महोत्सव का समापन सांस्कृतिक उल्लास और भक्ति के वातावरण में होगा।
पत्रकार वार्ता में ये पदाधिकारी रहे मौजूद-
पत्रकार वार्ता में मीरा स्मृति संस्थान के संरक्षक सत्यनारायण समदानी, कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. अर्जुन मुंदड़ा, समारोह संयोजक अनंत समदानी, सचिव राकेश मंत्री, कोषाध्यक्ष विनायक द्विवेदी, सह सचिव सुनील ढीलीवाल, क्षेत्रीय पार्षद भोलाराम प्रजापत, जयप्रकाश भटनागर, एडवोकेट विट्ठल पांडे और मनोज पारीक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।