चित्तौड़गढ़। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की स्वास्थ्य सेवा परियोजना एवं सामुदायिक विकास कार्यक्रम के तहत ममता एचआईएमसी के सहयोग से राजस्थान और उत्तराखंड के प्रमुख परिचालन क्षेत्रों अगूचा, चंदेरिया, जावर, दरीबा और पंतनगर में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से कुल 1,263 ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इनमें 766 महिलाएं और 497 पुरुष शामिल रहे।
ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आने-जाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, ताकि कोई भी व्यक्ति आवश्यक चिकित्सा सेवाओं से वंचित न रहे। शिविरों में स्त्री रोग, अस्थि रोग, नेत्र रोग और सामान्य चिकित्सा के विशेषज्ञों ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।
शिविरों में नेत्र जांच, हीमोग्लोबिन, रक्तचाप और ब्लड शुगर की जांच जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं, जिससे उन्हें उपचार में सहायता मिल सके।
हिंदुस्तान जिंक दूरस्थ ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में बेहतर निवारक एवं उपचारात्मक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर उपचार के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
हिंदुस्तान जिंक और ममता एचआईएमसी की यह संयुक्त पहल ग्रामीण समुदायों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने तथा स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।