माउंट आबू। विश्व प्रसिद्ध स्वामीनारायण मणिनगर गादी संस्थान के अंतरराष्ट्रीय संत निर्माण प्रिया दास जी महाराज एवं धर्म नंदन दास जी महाराज माउंट आबू स्थित स्वामीनारायण मंदिर पहुंचे। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य को विशेष रूप से आमंत्रित कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
मंदिर परिसर में दोनों संतों ने नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य के साथ भगवान स्वामीनारायण की आरती कर देश-दुनिया में अमन-चौन, विश्व शांति और मानव कल्याण की मंगलकामना की।
इस दौरान संत निर्माण प्रिया दास जी महाराज ने कहा कि माउंट आबू एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन नगरी है। नगर पालिका बोर्ड को शहर के सर्वांगीण विकास के साथ धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने मानव सेवा को सर्वाेपरि बताते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। साथ ही देश एवं विश्व में सुख-शांति, समृद्धि और अमन-चैन की कामना करते हुए सभी से मानव सेवा के कार्यों में आगे आने का आह्वान किया।