मंदसौर। जिले में सेतखेड़ी फाटक के पास बुधवार रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में छाजूखेड़ा निवासी 55 वर्षीय किसान शिवपाल सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी, भतीजी और पोते सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों में चार वर्षीय पोता खुशपाल भी शामिल है, जिसे मामूली चोटें आई हैं।
बेटी, भतीजी और पोते के साथ लौट रहे थे किसान-
जानकारी के अनुसार, शिवपाल सिंह अपनी बेटी दौलत कुंवर (22), भतीजी गीता कुंवर (22) और पोते खुशपाल (4) के साथ सोनगरी से लौट रहे थे। इसी दौरान सेतखेड़ी फाटक के पास उनकी मोटरसाइकिल की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में शिवपाल सिंह के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
बेटी और भतीजी को भी गंभीर चोटें-
हादसे में शिवपाल सिंह की बेटी दौलत कुंवर के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उन्हें रतलाम रेफर किया गया। वहीं, भतीजी गीता कुंवर के सिर और गर्दन पर चोटें आई हैं। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार फतेहगढ़ निवासी रवि सूर्यवंशी (28) और सेतखेड़ी निवासी अनिल भी घायल हो गए। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच-
घटना के बाद नई आबादी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शिवपाल सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर के अनुसार, हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन को उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।