शामगढ़। क्षेत्र में किसानों के खेतों से केबल और मोटर चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में 10 किसानों ने शामगढ़ पुलिस थाने में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है।
सगोरिया रोड स्थित खेतों को बनाया निशाना-
किसानों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की रात अज्ञात व्यक्तियों ने शामगढ़ की सगोरिया रोड स्थित खेतों में लगे कुओं से पानी निकालने के लिए इस्तेमाल होने वाली केबल और एक मोटर चोरी कर ली। किसानों के मुताबिक, अलग-अलग खेतों से कुल करीब 700 फीट केबल चोरी हुई है। वहीं, मनोहरलाल पाटीदार के खेत से चोरी गई मोटर की कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई है।
10 किसानों ने पुलिस को दिया आवेदन-
इस मामले में आवेदन देने वाले किसानों में रामचंद्र पिता अम्बाराम पाटीदार, निर्मल पिता हीरालाल पाटीदार, केशरीमल खाती पटेल, हुकुमचंद पिता लालचंद पाटीदार, बद्रीलाल पिता लालचंद पाटीदार, विष्णु पिता बद्रीलाल पाटीदार, भागीरथ प्रजापति, सत्यनारायण प्रजापति, उदेसिंह पंवार और मनोहरलाल पाटीदार शामिल हैं।
चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग-
किसानों ने पुलिस से मामले की जांच कर अज्ञात आरोपियों का पता लगाने, चोरी गए सामान को बरामद करने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। खेतों से सिंचाई में उपयोग होने वाली केबल और मोटर चोरी होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब किसानों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।