इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की वार्षिक बैठक 2 से 4 नवंबर तक इंदौर में आयोजित होगी। तीन दिवसीय बैठक में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित सभी छह सह सरकार्यवाह और देशभर के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक का आयोजन डेली कॉलेज मैदान में किया जाएगा।
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही विजयादशमी पर संघ प्रमुख के उद्बोधन में उठाए गए प्रमुख मुद्दों पर आगे की कार्ययोजना को लेकर चर्चा होगी।
नशे और डिजिटल कंटेंट पर होगी चर्चा
बैठक में मौजूदा सामाजिक चुनौतियों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया जाएगा। इनमें नशीली दवाओं की बढ़ती समस्या, नए डिजिटल माध्यमों पर प्रसारित होने वाले कंटेंट, बाहरी शक्तियों के हस्तक्षेप और वैश्विक परिस्थितियों से जुड़े विषय शामिल हैं। इन मुद्दों पर चर्चा के जरिए संघ की आगामी गतिविधियों और कार्यदिशा पर विचार किया जाएगा।
देशभर के वरिष्ठ पदाधिकारी होंगे शामिल
बैठक में संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्यों के अलावा देश के 46 प्रांतों और 11 क्षेत्रों के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। इसमें प्रांत संघचालक, प्रांत कार्यवाह, प्रांत प्रचारक और अखिल भारतीय कार्य विभागों के प्रमुख भी मौजूद रहेंगे।
संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। बैठक में इन कार्यक्रमों के अनुभवों की समीक्षा के साथ संगठनात्मक कार्यों और राष्ट्रीय-सामाजिक महत्व के विषयों पर आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।