जावरा। करवा चौथ के पावन पर्व पर जावरा यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर अनूठी पहल की। पुलिस ने पति की लंबी उम्र और सलामती के लिए रखे जाने वाले व्रत को सड़क सुरक्षा के संदेश से जोड़ते हुए वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान नियमों का पालन करने वाले दंपत्तियों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया और करवा चौथ की शुभकामनाएं दी गईं।
पुलिस अधीक्षक रतलाम के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने नगर के प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को चालानी कार्रवाई के बजाय समझाइश देकर हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और तेज गति से वाहन नहीं चलाने की अपील की गई।
महिलाओं से मांगा सुरक्षा का उपहार
यातायात पुलिस ने बाजार में खरीदारी करने पहुंची महिलाओं से अपील की कि वे इस करवा चौथ पर अपने पतियों से महंगे उपहारों के बजाय सुरक्षित वाहन चलाने, हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का वचन मांगें। पुलिस ने संदेश दिया कि अपनों की लंबी उम्र की कामना के साथ उनकी सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करना भी जरूरी है।
अवैध पार्किंग पर 5 वाहनों के चालान
जागरूकता अभियान के साथ यातायात पुलिस ने त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए चेकिंग भी की। इस दौरान सर्विस लाइन में अवैध रूप से खड़े और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले 5 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। संबंधित वाहन चालकों से समन शुल्क वसूलते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
यातायात पुलिस जावरा ने आमजन से अपील की कि वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करें। पुलिस का कहना है कि त्योहारों की खुशियां तभी पूरी हैं, जब हर व्यक्ति सुरक्षित अपने घर पहुंचे। सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता की यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।