नई दिल्ली/स्टॉकहोम। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत फिल्म ‘रामायण’ के लॉस एंजिल्स वर्ल्ड प्रीमियर के बाद अभिनेता अनुपम खेर ने खुशी और गर्व जाहिर किया है। फिल्म में जटायु के किरदार को अपनी आवाज देने वाले खेर ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कहा कि फिल्म को लेकर लॉस एंजिल्स से आ रही शुरुआती प्रतिक्रियाएं उनका दिल खुशी और गर्व से भर रही हैं।
अनुपम खेर ने अपने पोस्ट में लिखा कि भारतीय महाकाव्य रामायण को इतने बड़े पैमाने पर दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचते देखना अद्भुत अनुभव है। उन्होंने जटायु की आवाज बनने को अपने लिए खास बताया और कहा कि वह 5 नवंबर को स्टॉकहोम में फिल्म देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
वीडियो में खेर ने फिल्म की भव्यता, विजुअल्स और भगवान राम की कथा के प्रति टीम के समर्पण की सराहना की। उन्होंने निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी, संगीतकार हैंस जिमर और ए.आर. रहमान सहित पूरी टीम के प्रयासों की तारीफ की। उन्होंने जटायु के किरदार के शानदार रूपांकन पर मिल रही प्रतिक्रियाओं का भी जिक्र किया और कहा कि उस किरदार की आवाज बनना उनके लिए गर्व की बात है।
फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर 27 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स स्थित एकेडमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स के डेविड गेफेन थिएटर में आयोजित हुआ। इसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और निर्देशक नितेश तिवारी सहित फिल्म से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों और IMAX में रिलीज होने की जानकारी दी गई है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज करने की योजना है। फिल्म के जरिए भारतीय महाकाव्य और संस्कृति को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।