मंदसौर। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर 30 और 31 अक्टूबर को उज्जैन, रतलाम और मंदसौर के प्रवास पर रहेंगे। उनके संशोधित दौरा कार्यक्रम के अनुसार, वे उज्जैन और रतलाम में शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात करेंगे, जबकि 31 अक्टूबर को मंदसौर में आयोजित 32वें राष्ट्रीय भारतीय सुधा संसद अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे नरेंद्र सिंह तोमर भोपाल स्थित प्रोफेसर कॉलोनी से उज्जैन के लिए रवाना होंगे। शाम 4 बजे उज्जैन पहुंचकर वे पूर्व विधायक एवं पूर्व महापौर रामेश्वर अखंड के निधन पर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात करेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे सड़क मार्ग से रतलाम के लिए प्रस्थान करेंगे।
शाम 6 बजे रतलाम में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री चैतन्य काश्यप की पूजनीय माताजी के निधन पर शोक संतप्त परिवार से भेंट करेंगे। इसके बाद शाम 7 बजे मंदसौर के लिए रवाना होंगे। रात करीब 8:30 बजे मंदसौर सर्किट हाउस पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
31 अक्टूबर को मंदसौर में मुख्य अतिथि के रूप में होंगे शामिल
शनिवार, 31 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे विधानसभा अध्यक्ष मंदसौर के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय स्थित पं. कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में आयोजित 32वें राष्ट्रीय भारतीय सुधा संसद अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद शाम 6:30 बजे वे सड़क मार्ग से भोपाल के लिए रवाना होंगे।
विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय की ओर से संबंधित अधिकारियों को प्रवास के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं, सुरक्षा, सत्कार और मंदसौर सर्किट हाउस में आरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।