चित्तौड़गढ़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले में ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम के तहत एकता रैली का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ मंजू की अध्यक्षता में आज बैठक आयोजित हुई, जिसमें संबंधित अधिकारियों को सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार 31 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर से रैली प्रारंभ होकर सुभाष चौक पहुंचेगी। रैली के शुभारंभ से पूर्व प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई जाएगी तथा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया जाएगा। रैली का समापन सुभाष चौक पर होगा।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़, राज लक्ष्मी गहलोत, सहित पुलिस विभाग, सामाजिक संगठन, स्वायत्त शासन विभाग, एनएसएस, एनसीसी, शिक्षा एवं कॉलेज शिक्षा विभाग, नेहरू युवा केंद्र, चिकित्सा विभाग तथा खेल विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।