नीमच। देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाली नीमच कृषि उपज मंडी में अनाज के साथ-साथ औषधीय फसलों और वनोपज का भी बड़े स्तर पर कारोबार होता है। हालांकि, मंडी की इस बड़ी पहचान के बीच यहां की व्यवस्थाएं और किसानों से जुड़ी समस्याएं भी समय-समय पर चर्चा का विषय बनती रहती हैं।
मंडी की व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए उज्जैन मंडी बोर्ड की उप संचालक प्रवीणा चौधरी नीमच पहुंचीं। उनके साथ अनिल परिहार और दीपक धनावद भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नीमच के साथ जावद और मनासा कृषि उपज मंडियों का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रात से लेकर दिन तक मंडियों में होने वाली गतिविधियों को देखा। इस दौरान फसलों की आवक, नीलामी प्रक्रिया, तौल व्यवस्था और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली गई। नीमच मंडी की खास पहचान औषधीय फसलों और वनोपज के कारोबार को लेकर भी उप संचालक ने चर्चा की और इसे मंडी की महत्वपूर्ण विशेषता बताया।
वहीं, निरीक्षण के दौरान किसानों से जुड़ी समस्याओं के मुद्दे भी सामने आए। आढ़त प्रथा, हम्मालों द्वारा कथित अवैध वसूली और मंडी की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से सवाल किए गए। हालांकि, उप संचालक प्रवीणा चौधरी ने कहा कि निरीक्षण के दौरान उन्हें इस तरह की कोई गड़बड़ी नजर नहीं आई।
इसके अलावा नई और पुरानी मंडी के बीच दूरी, किसानों की आवाजाही में होने वाली परेशानी और रास्ते में पर्याप्त संकेतक बोर्ड नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर उप संचालक ने आवश्यक स्थानों पर संकेतक बोर्ड लगवाने का आश्वासन दिया।
अब देखना यह होगा कि निरीक्षण के दौरान सामने आए मुद्दों और किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कितनी गंभीरता दिखाई जाती है और इन आश्वासनों का असर धरातल पर कब तक नजर आता है।
क्योंकि नीमच मंडी की पहचान केवल बड़े कारोबार तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां आने वाले किसानों को बेहतर सुविधाएं, पारदर्शी नीलामी और व्यवस्थित मंडी व्यवस्था उपलब्ध कराना भी उतना ही जरूरी है।