नीमच। क्रिकेट के बल्ले से महिला पर हमला कर उसका पैर फ्रैक्चर करने वाले आरोपी को न्यायालय ने एक साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी रूपल गुप्ता ने आरोपी नागेश (23), पिता लालाराम भील, निवासी ग्राम भादवामाता को भारतीय दंड संहिता की धारा 325 के तहत दोषी ठहराते हुए एक वर्ष के सश्रम कारावास और 500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी विपिन मंडलोई ने बताया कि घटना 6 सितंबर 2021 की शाम करीब 6.30 बजे की है। ग्राम भादवामाता निवासी पुष्पाबाई और आरोपी नागेश के बीच पानी भरने तथा बाइक खड़ी करने की बात को लेकर विवाद हुआ था। घटना वाले दिन आरोपी के घर के सामने पाइपलाइन फूट गई थी। इस कारण उसने अपनी बाइक फरियादिया के घर के सामने खड़ी कर दी थी। पुष्पाबाई ने जब बाइक हटाने के लिए कहा तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
इसी दौरान आरोपी क्रिकेट खेलने वाला लकड़ी का बल्ला लेकर आया और महिला के सिर तथा पैर पर वार कर दिया। हमले में महिला के पैर में फ्रैक्चर हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने न्यायालय में चालान पेश किया।
प्रकरण की सुनवाई के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर आरोप प्रमाणित पाए जाने पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए एक वर्ष के सश्रम कारावास एवं 500 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई।