मंदसौर। भगवान पशुपतिनाथ कार्तिक मेले की व्यवस्थाओं को लेकर नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष रफत पयामी ने नगर पालिका अध्यक्ष को पत्र लिखकर छह महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि मेले में हर वर्ष पर्याप्त बजट खर्च होने के बावजूद कई मूलभूत समस्याएं बनी रहती हैं। श्रद्धालुओं और छोटे व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं में जरूरी सुधार किए जाने चाहिए। पयामी ने मांग की कि मेले में निर्धारित तीनों वाहन पार्किंग स्थलों को पूरी तरह निशुल्क किया जाए, ताकि वाहन चालकों से वसूली और विवाद की स्थिति न बने। छोटी पुलिया पर हर साल लगाई जाने वाली बांस-बल्ली की अस्थायी रेलिंग के स्थान पर स्थायी लोहे की रेलिंग लगाई जाए। साथ ही पुलिया की अस्थायी मरम्मत के बजाय स्थायी मरम्मत कर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने बाहर से आने वाले छोटे व्यापारियों को राहत देने के लिए दुकानों की अमानत राशि कम रखने और कम लागत पर दुकानें उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही निजी तौर पर मेला लगाने की अनुमति पर रोक लगाने की बात कही। उनका कहना है कि मेले की व्यवस्थाएं नगर पालिका करती है, जबकि निजी ठेकेदार दुकानदारों से मनमाने दाम वसूलते हैं।
पयामी ने महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त महिला शौचालय और स्नानघर बनाने की मांग भी उठाई। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष से आग्रह किया कि इन सुझावों पर तत्काल अमल के लिए मेला सभापति एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।