उज्जैन। जिले में सहकारी बैंक और सोसायटी से जुड़ा 4 करोड़ 67 लाख 48 हजार 187 रुपए का कथित ऋण घोटाला सामने आया है। घट्टिया तहसील की निपानिया गोयल सहकारी संस्था और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की घट्टिया शाखा में हुए कथित फर्जीवाड़े ने 1221 किसानों को परेशानी में डाल दिया है। आरोप है कि किसानों की जानकारी और सहमति के बिना उनके नाम पर ऋण खाते खोलकर करोड़ों रुपए का लेन-देन किया गया। हैरानी की बात यह है कि कर्ज नहीं लेने वाले किसान भी बैंक रिकॉर्ड में डिफाल्टर दर्ज हो गए।
जांच के अनुसार वर्ष 2019 से 2022 के बीच किसानों के नाम पर रबी और खरीफ सीजन के फर्जी ऋण खाते खोले गए। आरोप है कि ऋण की राशि किसान क्रेडिट कार्ड (ज्ञब्ब्) खातों के बजाय बचत खातों में दर्शाई गई। वहीं ऑडिट के दौरान फर्जी ऋण की राशि को संस्था के क्रेडिट खाते से समायोजित कर गड़बड़ी को लंबे समय तक छिपाए रखने का प्रयास किया गया।
इस मामले में निपानिया सोसायटी के तत्कालीन प्रबंधक सुमेरसिंह सिसौदिया, प्रशासक चंद्रेश जोशी, सीसीबी घट्टिया शाखा के तत्कालीन प्रबंधक शिव हरदेनिया और बैंक प्रबंधक महेशचंद्र राठौर की भूमिका जांच में सामने आने की बात कही गई है। इनमें से तीन आरोपियों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि महेशचंद्र राठौर को विभाग द्वारा बर्खास्त किया जा चुका है।
कर्ज नहीं लिया, फिर भी किसानों पर डिफाल्टर का दाग
इस कथित घोटाले का सबसे बड़ा खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। जिन किसानों ने कभी कर्ज नहीं लिया या पुराना कर्ज चुका दिया, वे भी बैंक रिकॉर्ड में डिफाल्टर दर्ज हैं। इसके चलते उन्हें नया ज्ञब्ब् ऋण लेने और खाद-बीज उधार पर प्राप्त करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सीसीबी के सीईओ विशेष सक्सेना के मुताबिक तत्कालीन बैंक प्रबंधक को बर्खास्त किया गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई और वसूली की जाएगी। वहीं सहकारिता विभाग के डीआर अरुण मिश्रा ने बताया कि धारा 64 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालयीन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
इधर ईओडब्ल्यू इंदौर के एसपी रामेश्वर यादव के अनुसार विभागीय जांच पूरी हो चुकी है और जल्द ही अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन 1221 किसानों ने कर्ज लिया ही नहीं, उनके नाम पर करोड़ों रुपए का ऋण किसने निकाला? किसानों को डिफाल्टर बनाने वाले जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी और प्रभावित किसानों को इस मुसीबत से राहत कब मिलेगी?